बिहार में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में पटना के फतुहा, वैशाली के हाजीपुर और दरभंगा के बेनीपुर में दूध-पनीर की गुणवत्ता पर कार्रवाई हुई। विभाग के मुताबिक इन तीन जगहों पर कुल 147 लीटर दूध और 90 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया गया। खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भी लिए गए हैं।
पटना जिले के सबलपुर-फतुहा क्षेत्र में एक डेयरी के दूध के नमूने की मौके पर जांच में फॉर्मेलिन की उपस्थिति पाई गई। इसके बाद लगभग 126 लीटर दूध नष्ट कराया गया। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।
हाजीपुर में दो प्रतिष्ठानों के 14 और 58 किलोग्राम पनीर में स्टार्च की मिलावट मिलने पर कुल 72 किलोग्राम पनीर नष्ट किया गया। दरभंगा के बेनीपुर में एक मिल्क पार्लर से 21 लीटर अवधि समाप्त हो चुका दूध और 18 किलोग्राम खराब पनीर नष्ट कराया गया। इन स्थानों से भी नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
यह कार्रवाई राज्य में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के अभियान का हिस्सा है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि ने खाद्य कारोबारियों को सुरक्षित और निर्धारित मानकों के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।