देहरादून, 24 सितंबर। नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय 29 सितंबर को रोजगार मेला आयोजित करेगा। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलने वाले आयोजन में 18 निजी कंपनियों की 904 रिक्तियों के लिए चयन प्रक्रिया होगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी की जानकारी के अनुसार, देहरादून के अलावा उत्तराखंड के अन्य जिलों के युवा भी इसमें भाग ले सकते हैं। कार्यालय परिसर में पहले से पंजीकरण कराने की सुविधा है। आयोजन वाले दिन भी पंजीकरण कराया जा सकेगा।
अभ्यर्थी अपना बायोडाटा, शैक्षणिक और अन्य जरूरी प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां तथा फोटोकॉपी, सेवायोजन पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ रखें। संबंधित पद की योग्यता और चयन की शर्तें कंपनी से स्पष्ट कर लें। मेले में भाग लेना नौकरी मिलने की गारंटी नहीं है।
प्रतिभागी कंपनियों में बजाज ऑटो, बजाज कैपिटल, टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा समेत विभिन्न क्षेत्रों के नियोक्ता शामिल बताए गए हैं। इच्छुक युवा आयोजन से पहले क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय से पदवार विवरण की जानकारी ले सकते हैं।