पूरा भारत · हिन्दी
▤   पूरा भारतदेश की आवाज़पूरी तस्वीरराष्ट्रीय संस्करण
⌖ पूरा भारत

कनॉट प्लेस क्षेत्र में 6:30 बजे के बाद वेंडिंग पर सख्ती, NDMC ने अभियान बढ़ाया

नई दिल्ली, 17 सितंबर। नई दिल्ली नगर परिषद ने कनॉट प्लेस और लुटियंस दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनधिकृत वेंडिंग और अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार वेंडरों को नो-वेंडिंग जोन में काम नहीं करने और तय समय, यानी सूर्यास्त या शाम 6:30 बजे के बाद सामान हटाने को कहा गया है।

विशेष निगरानी कनॉट प्लेस, जनपथ, पालिका बाजार, रीगल, रिवोली, हनुमान मंदिर और गुरुद्वारा बंगला साहिब के आसपास रखी जाएगी। इन इलाकों में केवल अधिकृत वेंडर अपने तय स्थान और तय समय में ही काम कर सकेंगे।

एनडीएमसी ने वेंडरों को अपना तहबाजारी प्रमाणपत्र और फोटो स्थल पर दिखाने, फुटपाथ और सड़क खाली रखने तथा स्टॉल या सामान को तय सीमा से बाहर न फैलाने को कहा है। आवंटित जगह पर कवर, तिरपाल या स्थायी ढाँचा लगाने पर भी रोक रहेगी।

निर्देशों के उल्लंघन पर वेंडिंग प्रमाणपत्र निलंबित या रद्द किया जा सकता है। हनुमान मंदिर क्षेत्र में मंगलवार और शनिवार को भीड़ ज्यादा होने के कारण विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

क्षेत्र निरीक्षकों को संवेदनशील स्थान चिन्हित करने, नियमित मैदान निरीक्षण करने और हटाए गए अतिक्रमण के दोबारा लौटने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है। रिकॉर्ड डिजिटाइजेशन, जब्त सामान से जुड़े मामलों और पोर्टल शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के भी निर्देश दिए गए हैं।