हरियाणा में बड़े बुनियादी ढांचा प्रोजेक्टों की प्रगति पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उच्च स्तरीय समीक्षा की। बैठक में मेट्रो, औद्योगिक अवसंरचना, स्वास्थ्य सेवाओं और लॉजिस्टिक्स परियोजनाओं की स्थिति रखी गई।
5,452.72 करोड़ रुपये का गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट मिलेनियम सिटी सेंटर को साइबर सिटी से जोड़ने के साथ द्वारका एक्सप्रेसवे तक विस्तारित होगा। सरकारी जमीन के उपयोग की अनुमति मिलने के बाद साइट पर काम शुरू हो गया है।
4,679 करोड़ रुपये के हिसार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के लिए जमीन सरकार के नियंत्रण में है और पर्यावरण मंजूरी मिल चुकी है। 707 करोड़ रुपये के ईपीसी टेंडर की 10 निविदाओं का मूल्यांकन चल रहा है।
रेवाड़ी के एम्स माजरा की सड़क और रेल ओवरब्रिज कनेक्टिविटी के लिए 236 करोड़ रुपये की तकनीकी स्वीकृति दी गई है और 169 करोड़ रुपये का टेंडर नोटिस तैयार है। नागल चौधरी लॉजिस्टिक्स हब के पहले चरण में 408 एकड़ जमीन एसपीवी को हस्तांतरित हो चुकी है।