पंचकूला नगर निगम ने बिना स्वीकृत बिल्डिंग प्लान के निर्माण मिलने पर छह इमारतों को सील किया है। निगम की टीम के निरीक्षण के बाद आयुक्त विनय कुमार के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
निगम अधिकारियों के अनुसार, संबंधित निर्माण के लिए सक्षम अधिकारी की आवश्यक मंजूरी नहीं ली गई थी। आयुक्त ने फील्ड निरीक्षण बढ़ाने और निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि नियमों के उल्लंघन का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा सके।
नगर निगम ने संपत्ति मालिकों और बिल्डरों से निर्माण शुरू करने से पहले नक्शा मंजूर कराने तथा स्वीकृत योजना के अनुसार ही काम करने की अपील की है। बिना मंजूरी या स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
