हरियाणा सरकार ने 14 और जिलों में 5,200 युवाओं को आपदा प्रतिक्रिया स्वयंसेवक के रूप में प्रशिक्षित करने की योजना बनाई है। इस विस्तार पर 12.16 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रशिक्षित युवाओं को आपातकालीन प्रतिक्रिया किट और तीन वर्ष का जीवन एवं चिकित्सा बीमा दिया जाएगा।
राज्य कार्यकारी समिति की बैठक में बताया गया कि 2025-26 में युवा आपदा मित्र योजना आठ जिलों में लागू की गई थी। अब शेष 14 जिलों में हरियाणा युवा आपदा मित्र योजना के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा। चयन एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र संगठन और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स से संबंधित नोडल अधिकारियों के माध्यम से होगा।
स्वयंसेवकों को 35 से 50 के बैच में सात दिन का आवासीय प्रशिक्षण मिलेगा। इसमें बाढ़ सुरक्षा, अग्निशमन यंत्रों का उपयोग, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार और बुनियादी आपात प्रतिक्रिया के व्यावहारिक सत्र शामिल होंगे।
प्रशिक्षित स्वयंसेवक जिला प्रशासन से जुड़े रहेंगे और मॉक ड्रिल, भीड़ प्रबंधन, राहत वितरण तथा आपात स्थितियों में एनडीएमए, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की गतिविधियों में सहयोग करेंगे।