जोधपुर, 25 सितंबर। जोधपुर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र की एक हस्तशिल्प और केमिकल फैक्टरी में बुधवार शाम लगी आग बुझाने के दौरान ड्रम में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में 14 दमकलकर्मी झुलस गए।
घायलों में आठ दमकलकर्मी 50 प्रतिशत से अधिक झुलसे बताए गए हैं। सभी को पहले जोधपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बेहतर इलाज के लिए छह गंभीर रूप से घायल दमकलकर्मियों को गुरुवार रात ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल भेजा गया। एंबुलेंस के साथ डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ भी रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग केमिकल से भरे ड्रमों तक पहुंचने के बाद कई धमाके हुए। जिला प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग ने राहत और उपचार व्यवस्था संभाली है। घायलों की स्थिति और आग के कारणों पर प्रशासनिक जांच जारी है।